Breaking News

6/recent/ticker-posts

मोहब्बत, धोखा या बदला? विवाहिता पर चली गोली का राज

रसूलाबाद, कानपुर देहात: पांच साल की दोस्ती का दर्दनाक अंत – विवाहिता को गोली मारने वाला आरोपी गिरफ्तार

कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। गांव की एक विवाहिता को गोली मार दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोहित सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।



क्या है पूरा मामला?

घटना शनिवार की है। रतनपुर गांव की रहने वाली एक महिला को गांव के ही मोहित सिंह ने गोली मार दी। इस मामले में महिला के चाचा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें मोहित सिंह के साथ-साथ शिवपाल सिंह और मुलायम सिंह के नाम भी शामिल किए गए हैं। पुलिस ने इन तीनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

कैसे हुआ आरोपी की गिरफ्तारी?

पुलिस ने जांच के दौरान जानकारी जुटाई और मोहित सिंह को चतुर नेवादा और रतनपुर गांव के बीच पानी की टंकी के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक तमंचा और एक खोखा कारतूस भी बरामद हुआ। पुलिस ने मोहित को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें कई अहम खुलासे हुए।

आरोपी ने क्या बताया पुलिस को?

थाना प्रभारी अनिल कुमार के अनुसार, मोहित सिंह ने बताया कि उसकी और पीड़िता की पांच साल से दोस्ती थी। लेकिन कुछ समय से पीड़िता ने गांव के एक और युवक से संबंध बना लिए थे। मोहित का आरोप है कि महिला उसे ब्लैकमेल कर रही थी। वह जमीन के बैनामे का दबाव बना रही थी और दुष्कर्म के झूठे आरोप में फंसाने की धमकी दे रही थी। इन सब बातों से परेशान होकर मोहित ने ये खतरनाक कदम उठा लिया।

महिला रह रही थी मायके में

पुलिस के मुताबिक पीड़िता अपने ससुराल में किसी पारिवारिक विवाद के चलते मायके में रह रही थी। आरोपी मोहित और अन्य दो आरोपियों का संबंध भी महिला के ससुराल पक्ष से ही है। बताया जा रहा है कि जिन दो अन्य युवकों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है, उनकी बुआ के बेटे से पीड़िता की शादी हुई थी।

क्या कह रही है पुलिस?

पुलिस ने मोहित सिंह का चालान कर उसे जेल भेज दिया है। वहीं, शिवपाल सिंह और मुलायम सिंह की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अन्य दोनों की भूमिका स्पष्ट होने के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पीड़िता का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है। पुलिस मामले की तह तक जाने की कोशिश में जुटी है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और पीड़िता को न्याय मिल सके।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ